Home / हिंदी में / सफ़ेद दाग (vitiligo)
सफ़ेद दाग (vitiligo) का इलाज
सफ़ेद दाग (vitiligo) छूने से नहीं फैलता, किसी खाने से नहीं होता, और किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं है। सफ़ेद दाग का इलाज हो सकता है, और कई पैच में रंग वापस आ जाता है।
सफ़ेद दाग क्या है, और क्या नहीं
Vitiligo में कुछ जगहों पर त्वचा का रंग बनाने वाली कोशिकाएँ काम करना बंद कर देती हैं, और वहाँ सफ़ेद पैच बन जाते हैं। यह एक autoimmune बीमारी है, यानी शरीर की अपनी रोग-प्रतिरोधक शक्ति इन कोशिकाओं पर असर करती है।
- खाने से नहीं होता – मछली के साथ दूध, खट्टी चीज़ें या कोई और खाने का मेल सफ़ेद दाग की वजह नहीं है। बिना वजह खाना बंद करने की ज़रूरत नहीं।
- छूत की बीमारी नहीं – यह एक इंसान से दूसरे में नहीं फैलता।
- कुष्ठ रोग नहीं – सफ़ेद दाग और कुष्ठ (leprosy) बिल्कुल अलग बीमारियाँ हैं।
थायरॉइड की समस्या और कुछ दूसरी autoimmune बीमारियों वाले लोगों में vitiligo ज़्यादा होता है, इसलिए हम थायरॉइड की जाँच करवा सकते हैं। जब vitiligo फैल रहा हो, तब रगड़, खुजाना, tight कपड़े और कट-छिलने से नए पैच बन सकते हैं।
हर सफ़ेद धब्बा vitiligo नहीं होता। Fungal इन्फ़ेक्शन, बच्चों में pityriasis alba, किसी rash के बाद बचे हल्के निशान, और कुष्ठ रोग, जिसमें पैच अक्सर सुन्न होता है, ये सब भी हल्के धब्बे बनाते हैं। हम त्वचा को ध्यान से देखते हैं, और ज़रूरत हो तो Wood's lamp से जाँच करते हैं, ताकि सही पहचान हो सके।
सफ़ेद दाग का इलाज कैसे होता है
पहले हम पहचान पक्की करते हैं और देखते हैं कि vitiligo active (फैल रहा) है या stable (रुका हुआ)।
- फैलाव रोकना – active vitiligo में पहला लक्ष्य है फैलाव रोकना। इसके लिए क्रीम, और कभी-कभी हफ़्ते में दो दिन ली जाने वाली steroid की गोलियाँ, थोड़े समय के लिए।
- रंग वापस लाने वाली क्रीम – steroid क्रीम और tacrolimus। Tacrolimus चेहरे और नाज़ुक जगहों के लिए अच्छी रहती है।
- Excimer light – सफ़ेद पैच पर सीधा दी जाने वाली phototherapy, जो हमारे क्लिनिक में है।
- नई दवाएँ – ruxolitinib जैसी JAK inhibitor क्रीम अमेरिका और यूरोप में मंज़ूर हैं, और भारत में इन पर अभी अध्ययन चल रहे हैं।
सफ़ेद पैच पर धूप से जलन जल्दी होती है, इसलिए रोज़ sunscreen लगाएँ। पैच छिपाने के लिए cosmetic cover-up products के बारे में भी हम बता सकते हैं।
अगर सफ़ेद दाग की वजह से आप परेशान या उदास महसूस करते हैं, तो हमें ज़रूर बताएँ। ऐसा महसूस होना आम है, और सहारा मिलने से मदद होती है।
रंग लौटने में कितना समय लगता है
| Excimer light | हफ़्ते में 1 से 2 बार, कई महीनों तक |
| कहाँ जल्दी असर | चेहरा और गर्दन जल्दी ठीक होते हैं; हाथ-पैर में ज़्यादा समय लगता है |
| जाँच | नियमित follow-up, क्योंकि vitiligo दोबारा उभर सकता है |
रंग अक्सर बालों की जड़ों के आसपास छोटे-छोटे भूरे बिंदुओं के रूप में लौटता है, फिर धीरे-धीरे फैलता है। इसलिए इलाज में धैर्य चाहिए। अगर नए पैच तेज़ी से बन रहे हों, तो जल्दी दिखाएँ, क्योंकि उस समय फैलाव रोकना ज़रूरी होता है।
सवाल-जवाब
क्या सफ़ेद दाग ठीक हो सकता है?
इलाज से कई पैच में रंग लौट आता है, ख़ासकर चेहरे पर। कुछ जगहें धीरे ठीक होती हैं। यह दोबारा हो सकता है, इसलिए हम नियमित जाँच करते रहते हैं।
क्या सफ़ेद दाग खानदानी है?
परिवार में होने की प्रवृत्ति होती है, पर vitiligo वाले माता-पिता के ज़्यादातर बच्चों को यह नहीं होता।
क्या यह कुष्ठ रोग जैसा है?
नहीं। ये दोनों बिल्कुल अलग बीमारियाँ हैं।
क्या मछली और दूध साथ खाने से सफ़ेद दाग होता है?
नहीं। किसी भी खाने के मेल से सफ़ेद दाग नहीं होता।
क्या सफ़ेद दाग छूने से फैलता है?
नहीं। यह छूत की बीमारी नहीं है।
कहाँ
नोएडा में हमारे दोनों क्लिनिक: C-50, सेक्टर 15 और D-224, सेक्टर 55। सोमवार से शनिवार, सुबह 10 से शाम 7 बजे। फ़ोन +91 93118 55405।